ताजा खबर
दिल्ली के शाहीन बाग़ में सोमवार को एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) ने अवैध निर्माण को लेकर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया है.
दिल्ली पुलिस ने एमसीडी को इस कार्रवाई के लिए सुरक्षा मुहैया कराई है. एमसीडी की कार्रवाई के ख़िलाफ़ शाहीन बाग़ में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहांगीरपुरी की तरह शाहीन बाग़ में भी लोगों की रोज़ी-रोटी पर हमला किया जा रहा है. ये अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं बल्कि बुलडोज़र अभियान है.
एमसीडी ने इस कार्रवाई के लिए पहले से ही नोटिस जारी किया था.
दक्षिणी दिल्ली एमसीडी सेंट्रल जोन के चेयरमैन राजपाल सिंह का कहना है कि नोटिस के बाद 70 फ़ीसदी इलाके को पहले ही लोगों ने ख़ाली कर दिया गया है.
राजपाल सिंह ने कहा, “नगर निगम अपना काम करेगी, हमारे लोग और अधिकारी तैयार हैं. टीम और बुलडोजर तैयार है. तुगलकाबाद, संगम विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी या शाहीन बाग़ में जहाँ भी अतिक्रमण हैं, वहाँ से उसे हटाएंगे.”
इससे पहले दिल्ली के जहांगीरपुरी में एमसीडी ने अवैध निर्माण का हवाला देते हुए बुलडोजर चलाया गया था. हालांकि एमसीडी पर आरोप लगा कि उसने तय प्रकिया का पालन किए बिना बुलडोजर चलाए और इसके लिए पहले नोटिस नहीं दिया गया था.
ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुँचा और कोर्ट ने एमसीडी की कार्रवाई पर रोक लगाई जिसके बाद एमसीडी को कार्रवाई रोकनी पड़ी. (bbc.com)


