ताजा खबर
देशभर में मादक पदार्थ विरोधी अभियानों को विस्तार देने और मज़बूत बनाने के मकसद से केंद्र सरकार ने नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में 1800 नए पदों पर भर्ती को मंज़ूरी दे दी है.
अंग्रेज़ी अख़बार द इकोनॉमिक टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से ये ख़बर छापी है. ख़बर के अनुसार अजमेर, अमृतसर, भुवनेश्वर, देहरादून, गोवा, हैदराबाद, इम्फाल, मंदसौर, मदुरै, मंडी, रायपुर, रांची और कोची जैसे 12 जगहों पर एनसीबी का सब-ज़ोनल दफ़्तर खोलने की भी योजना है.
मौजूदा समय में पूरे देश के अंदर एनसीबी में 1100 कर्मचारी हैं. एजेंसी ने अलग-अलग स्तरों पर 3000 भर्तियों के लिए मंज़ूरी मांगी थी. इनमें डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर जैसे पद भी शामिल हैं.
एक अधिकारी के हवाले से अख़बार ने लिखा है, "केंद्रीय गृह और वित्त मंत्रालय के बीच चर्चा के बाद केवल 1800 पदों के लिए मंज़ूरी मिली. वित्त मंत्रालय से इसके लिए फाइनेंस क्लियरेंस मिलना अभी भी बाकी है."
गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार साल 2018 से 2021 के बीच भारतीय अधिकारियों ने 1,881 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ ज़ब्त किए थे जो कि 2011 से 2014 के बीच ज़ब्त किए गए मादक पदार्थों की तुलना में तीन गुना ज़्यादा था. (bbc.com)


