ताजा खबर

भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल झारखंड के सभी खिलाड़ियों को दिए जाएंगे 50-50 लाख रुपए, CM हेमंत सोरेन ने की घोषणा
07-Aug-2021 9:11 AM
भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल झारखंड के सभी खिलाड़ियों को दिए जाएंगे 50-50 लाख रुपए, CM हेमंत सोरेन ने की घोषणा

टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. हालांकि टीम कांस्य पदक जीतने से चूक गयी लेकिन इसके बावजूद टीम ने इतिहास रच दिया. इस टीम में झारखंड से भी दो खिलाड़ी शामिल हुई थी. जिसके बाद झारखंड सरकार ने इन खिलाड़ियों के सम्मान में बड़ा ऐलान किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि टोक्यो ओलिंपिक में महिला हॉकी टीम में शामिल झारखंड की सभी सदस्यों को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन टोक्यो में झारखंड की बेटियों के प्रदर्शन से काफी खुश हैं. भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड से दो खिलाड़ियों ने खेला था. जिसमें खूंटी जिले की निक्की प्रधान और सिमडेगा की सलीमा टेटे शामिल थीं. सीएम ने कहा कि हमारी दोनों बहनों ने भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन में अद्भुत योगदान दिया है. इसे ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की है. इसके साथ सीएम ने नके पुश्तैनी घरों को ‘पक्के घर’ में बदलने का भी ऐलान किया.

पुराने ऐलान में किया बदलाव
हालांकि झारखंड सरकार ने ओलिंपिक शुरू होने से पहले ही घोषणा कर दी थी कि राज्य के खिलाड़ियों के स्वर्ण जीतने पर दो करोड़, रजत जीतने पर एक करोड़ और कांस्य जीतने पर पचास लाख रुपये दिये जायेंगे. पूर्व के फैसले को संशोधित कर दिया गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में पहुंच कर इतिहास रच दिया और अपने जज्बे से साबित कर दिया कि वह दुनिया की बेहतर से बेहतर टीम को टक्कर देने का माद्दा रखती है. (tv9hindi.com)


अन्य पोस्ट