कोण्डागांव

बीजेपी का महाअभियान, घर-घर पहुंचाएगी कांग्रेस सरकार की विफलता
10-Jun-2021 8:03 PM
बीजेपी का महाअभियान, घर-घर पहुंचाएगी कांग्रेस सरकार की विफलता

कोण्डागांव 10 जून। छत्तीसगढ़ में 17 जून को कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने वाले हैं। प्रदेश सरकार को घेरने भारतीय जनता पार्टी 12 से 17 जून तक महाअभियान चलाने वाली है। इसी सिलसिले में जिला भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय अटल सदन भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई।

इस दौरान आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा ने बताया, कि पार्टी वर्तमान प्रदेश सरकार की असफलता को घर-घर पहुचाते आम लोगों से सवाल पूछेगी और विफलता की जानकारी लेगी। जिला व मंडल पदाधिकारियों को आने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते कहा कि 12 जून को जिले में राज्य सरकार की असफलताओं को लेकर प्रेस कांफ्रेंस होना है, 13 से 15 जून तक हर मंडल के पांच शक्ति केंद्रों में कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर जवाब तो देना ही होगा भूपेश के तहत सरकार की असफलताओं से जुड़े सवाल पूछेंगे। वहीं महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों समेत अन्य वर्गों के लिए पार्टी ने दैनंदिनी से जुड़े अलग-अलग सवाल तैयार किए हैं। जनता से पूछे गए इन्ही सवालों के जवाब के आधार पर बीजेपी वर्तमान प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर जनता के कटघरे में खड़ा करेगी।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने कहा कि बड़े-बड़े लोक लुभावन वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस हर मोर्चे पर फेल नजर आ रही है। प्रदेश में जहां माफियाओं का बोलबाला है, तो वहीं अराजकता अपने चरम पर है। जरूरी विकास कार्य भी ठप पड़े हैं, जबकि पार्टी नेताओं की अंदरूनी कलह और गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है, इसी अराजकता, वादाखिलाफी और कुशासन को जनता के बीच लाकर जनता के सवालों के जवाब हम भूपेश बघेल से मांगेगे।

बैठक के दौरान संतोष कटारिया, प्रवीर बदेशा, तरुण साना, आकाश मेहता, धनराज मालू, जैनेंद्र सिंह ठाकुर, जसकेतू उसेंडी, प्रशांत पात्र व अन्य जिला व मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट