कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल/विश्रामपुरी, 9 सितंबर। केशकाल विकासखंड समेत समूचे कोंडागांव जिले में 2 दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिससे नदी-नाले उफान पर हैं।
इसी तरह बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम छिंदली और धामनपुरी को बड़ेराजपुर ब्लॉक मुख्यालय से जोडऩे वाले मार्ग में स्थित भंवरडिग नदी भी काफी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढऩे के कारण पानी नाले के ऊपर से गुजरने लगा है। जिसके कारण इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों व खास तौर पर स्कूली बच्चों को न चाहते हुए भी जान जोखिम में डाल कर नदी पार करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार यहां पुल निर्माण की मांग की गई है। लेकिन आज तक पुल निर्माण के संबंध में शासन प्रशासन ने कोई पहल नहीं की है।
दरअसल, ये भंवरडीग नदी, धामनपुरी को बड़ेराजपुर ब्लॉक मुख्यालय को जोडऩे वाली नदी है। इस गांव से होकर ब्लॉक मुख्यालय बड़ेराजपुर, विश्रामपुरी से ओडिशा के लिए रोड जाती है, जहां पुल नहीं है। जिसके कारण गांव के लोग या स्कूली बच्चे जान जोखिम में डाल कर नदी को पार करते हुए स्कूल जाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। यहां लगातार बारिश हो तो 6-7 दिन बाढ़ जैसी स्थिति बनी रहती है।
स्कूली बच्चों का और गांव वालों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो जाती है। पुल निर्माण के लिए ग्रामीणों के द्वारा वर्षों से मांग की जाती रही है, लेकिन आज तक यहां पुल का निर्माण कार्य नहीं हुआ है।