कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 10 मार्च। 188वीं वाहिनी, केरिपुबल द्वारा वाहिनी मुख्यालय चिकलपुट्टी कोण्डागांव में रंग, प्रेम व भाईचारे का प्रतीक रंगोत्सव (होली का त्योहार ) तथा अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पूरे धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
सर्वप्रथम वाहिनी के कमाण्डेन्ट भावेश चौधरी द्वारा वाहिनी के अन्य अधिकारी व जवानों एवं उनके परिवारजनों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रों एवं पूजा पद्धति के साथ होलिका दहन किया गया, उसके उपरांत कमाण्डेन्ट ने वाहिनी के सभी अधिकारियों एवं जवानों के साथ पूरे उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ रंग-गुलाल एवं अबीर से होली खेलते हुए वाहिनी के जवानों का उत्साहवर्धन किया।
होली के अवसर पर कमाण्डेन्ट द्वारा वाहिनी सभी अधिकारियों एवं जवानों को तथा उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं प्रेषित की. जिसके प्रतिउत्तर में सभी ने उनका अभिवादन किया।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष की भांति वाहिनी में 8 मार्च को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस भी मनाया गया। जिसमें कमाण्डेन्ट द्वारा वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाये जाने के कारण व महिला सशक्तिकरण के विषय में विस्तारपूर्वक बताया।
इस अवसर पर अधिकारियों व जवानों के परिवार की आमंत्रित महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। साथ ही अधिकारियों एवं जवानों को महिलाओं के प्रति सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी एस.ए. रोजन. जिनिक व श्री निगोडे अशोक दशरथ एवं उप कमाण्डेन्ट युद्धवीर सिंह टोकस व कमल सिंह मीणा तथा सूबेदार मेजर कृष्ण कुमार यादव भी उपस्थित रहे।