खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 29 अप्रैल। खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई (केसीजी) जिले की ग्राम पंचायतों के विकास को गति देने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को गौण खनिज से प्राप्त राशि से 25 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से क्षेत्र की ग्रामीण व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं का विस्तार भी सुनिश्चित होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रत्येक चयनित ग्राम पंचायत को 5-5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जिन ग्राम पंचायतों को यह लाभ मिला है, उनमें छुईखदान जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत आमगांव (ब), अचानकपुर, आमगांव (घ), अतरिया, बागुर, बरबसपुर, भाजीडोंगरी, भरदागोड़, भोरमपुर, भूर्भुसी, बिरनपुरकला, बीरुटोला और बोरई शामिल हैं।
इसी प्रकार खैरागढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में आमदनी, अमलीडीह कला, अतरिया, अवेली, बैगाटोला, बैहाटोला, बाजगुड़ा, बरबसपुर, बेन्द्रीडीह, भंडारपुर, भरदाकला एवं भुलाटोला को अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाएं डिजिटल रूप में उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, और सांसद संतोष पांडे को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को अब अपने ही गांव में विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।


