खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

कांग्रेसियों ने पुतला दहन कर जताया विरोध
03-Dec-2025 8:50 PM
कांग्रेसियों ने पुतला दहन कर जताया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 3 दिसंबर। खैरागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला, ब्लॉक और शहर कांग्रेस इकाइयों के संयुक्त नेतृत्व में टैंपो चौक पर पीएम और ईडी का पुतला दहन कार्यक्रम रखा गया। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, जिसके दौरान हल्की झूमाझटकी दर्ज की गई। बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का उपयोग कर रही है।

डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को वे राजनीतिक मानती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कांग्रेस अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी।

जिला अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि यदि केंद्र सरकार अपनी नीतियों में बदलाव नहीं लाती, तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

पुलिस द्वारा पुतला दहन को लेकर भीड़ को नियमानुसार नियंत्रित करने का प्रयास किया गया और स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला गया।

प्रदर्शन में कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे। इनमें विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला अध्यक्ष कोमल दास साहू, ब्लॉक अध्यक्ष आकाश दीप सिंह, शहर अध्यक्ष भीखम छाजेड़, जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह, तथा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि केंद्र सरकार की ओर से एजेंसी-आधारित कार्रवाई पर रोक या समीक्षा नहीं होती है, तो आंदोलन को जिला और प्रदेश स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।


अन्य पोस्ट