खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 1 दिसंबर। जिला भाजपा कार्यालय खैरागढ़ पिपरियामें रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 128वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित रहकर प्रधानमंत्री की प्रेरणादायी बातें सुनीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की प्रगति, जनभागीदारी और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले अभियानों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जनसहभागिता, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रनिर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही सामाजिक एकता, विकास कार्यों और हर क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के पश्चात जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनमानस को दिशा देने और प्रेरित करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि देशभर की सकारात्मक घटनाओं और प्रेरक व्यक्तित्वों को सामने लाकर प्रधानमंत्री समाज में नई ऊर्जा और उत्साह भरते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मन की बात सुनने से आम कार्यकर्ताओं को नए विचार और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
मन की बात के सामूहिक श्रवण में पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, टी के चन्देल, दिनेश वर्मा, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र त्रिपाठी, शैलेन्द्र मिश्रा, लखन साहू कृष्ना वर्मा, दीना जंघेल, ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना और उसे धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।


