खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

आस्था से जुड़े पीपल का पेड़ काटने वाले दो आरोपी गिरफ़्तार
09-Oct-2025 3:19 PM
आस्था से जुड़े पीपल का पेड़ काटने वाले दो आरोपी गिरफ़्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 9 अक्टूबर। आस्था से जुड़े पीपल का पेड़ काटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपी को  गिरफ्तार किया है।

ग्राम सर्रागांदी निवासी प्रमोद पटेल ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम के बाहर सडक़ किनारे शासकीय भूमि पर स्थित पीपल के पेड़ की ग्रामीण लगभग 20 वर्षों से पूजा करते आ रहे थे।

 

रिपोर्ट के अनुसार, 5 अक्टूबर की सुबह इमरान मेमन निवासी खैरागढ़ ने अपने साथी की सहायता से पेड़ काटने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण यह प्रयास रुक गया। अगले दिन सुबह पेड़ कटा हुआ पाया गया। मामले में थाना खैरागढ़ में धारा 298, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने जांच प्रारंभ करते हुए इमरान मेमन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी खरीदी गई भूमि के सामने शासकीय भूमि पर यह पेड़ था, जिसे समतल करने के उद्देश्य से उसने प्रकाश कोसरे निवासी लालपुर की सहायता ली। जांच में पाया गया कि प्रकाश कोसरे ने मशीन से पेड़ काटा, जबकि इमरान मेमन सडक़ पर मौजूद था। दोनों ने बाद में मशीन को नदी में फेंक दिया, जिसकी तलाश की जा रही है।

आरोपियों की निशानदेही पर स्कूटी जब्त की गई। प्रकरण में धारा 238 भारतीय न्याय संहिता और शासकीय संपत्ति विरूपण अधिनियम की धारा 3 भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट