खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

इंदिरा कला संगीत विवि में प्रवेश विवरणिका का विमोचन
08-Jul-2025 7:22 PM
इंदिरा कला संगीत विवि में प्रवेश विवरणिका का विमोचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 8 जुलाई। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश विवरणिका का विमोचन कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी एवं सहायक कुलसचिव  विजय  सिंह उपस्थित थे।

प्रवेश विवरणिका में विश्वविद्यालय की समस्त शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक जानकारियों को समाहित किया गया है। इसमें विश्वविद्यालय के लक्ष्य एवं उद्देश्यों के साथ-साथ विभिन्न संकायों एवं उनके अंतर्गत संचालित विभागों की विस्तृत जानकारी दी गई है।

विवरणिका में संग्रहालय, सभागार, योग केंद्र, व्यायामशाला, ग्रंथालय, दृश्य-श्रव्य प्रभाग एवं कंप्यूटर केंद्र जैसी सुविधाओं का उल्लेख किया गया है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होंगी।

प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत संचालित नवीन पाठ्यक्रमों की जानकारी भी विवरणिका में सम्मिलित की गई है, जिससे विद्यार्थीगण समसामयिक शैक्षणिक परिवर्तनों से अवगत हो सकें।

इस वर्ष विवरणिका को डिजिटल रूप में भी सुलभ बनाया गया है। विद्यार्थियों की सुविधा हेतु महत्वपूर्ण लिंक एवं बारकोड प्रदान किए गए हैं, जिनके माध्यम से वे अपने मोबाइल पर ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों की विभागवार सूची भी विवरणिका में दी गई है, जिससे विद्यार्थीगण संबंधित अधिकारियों से सीधे संपर्क स्थापित कर सके।

यह प्रवेश विवरणिका विद्यार्थियों के लिए एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी। यह न केवल विश्वविद्यालय की संरचना को दर्शाती है, बल्कि विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक सफर में सहयोगी रहेगी।


अन्य पोस्ट