कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 3 जून। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका पंडरिया और नगर पंचायत पांडातराई के लिए विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों के लिए 2 करोड़ 98 लाख 48 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसकी जानकारी विधायक भावना बोहरा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
विज्ञप्ति के अनुसार, 9 जनवरी को पंडरिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के समक्ष क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की मांग रखी थी। कार्यक्रम में अरुण साव ने नगर पालिका पंडरिया के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नगर पंचायत पांडातराई और इंदौरी के लिए 1-1 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की थी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इससे पहले नगर पंचायत इंदौरी के लिए 1 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा चुकी है। अब नगर पालिका पंडरिया के लिए 1 करोड़ 98 लाख 48 हजार रुपये तथा नगर पंचायत पांडातराई के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंडरिया में उप मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास कार्यों की मांग रखी गई थी, जिसके बाद इन कार्यों को स्वीकृति मिली है। बोहरा ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को लागू करने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, नगर पालिका पंडरिया में हाई मास्ट लाइट, उद्यान और किड्स प्ले एरिया जैसी सुविधाओं के निर्माण से नागरिकों को सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं नगर पंचायत पांडातराई में मुक्तिधाम उन्नयन और मंगल भवन निर्माण के कार्य प्रस्तावित हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, नगर पालिका पंडरिया में मुख्य मार्गों पर हाई मास्ट लाइट लगाने, किड्स प्ले एरिया सहित उद्यान निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 9 सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड (रौहा क्षेत्र), वार्ड क्रमांक 10 पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड (मोतीपुर क्षेत्र) और वार्ड क्रमांक 14 संत रविदास वार्ड (कुबा क्षेत्र) में प्रकाश व्यवस्था के लिए कुल 1 करोड़ 98 लाख 48 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा नगर पंचायत पांडातराई में मंगल भवन निर्माण और मुक्तिधाम उन्नयन के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि नगर पंचायत इंदौरी में दुकानों के निर्माण, मांगलिक भवन निर्माण और मुक्तिधाम उन्नयन के लिए पूर्व में 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।


