कवर्धा

चार माह से बोरिंग खराब, गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण
11-May-2026 5:04 PM
चार माह से बोरिंग खराब, गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 11 मई।
कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला अंतर्गत ग्राम जाम पानी के पारा नवा टोला में पिछले चार माह से बोरिंग खराब होने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि गांव का कुआं भी गर्मी में सूख चुका है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष भी सोशल मीडिया के माध्यम से संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और केवल वॉसर लगाकर मरम्मत कर लौट गए, जबकि बोरिंग में रॉड बढ़ाने की आवश्यकता थी। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी सुधार के कारण समस्या दोबारा उत्पन्न हो गई।
स्थानीय महिला ग्रामीण कुंवारियां बाई एवं रमोतिन बाई ने बताया कि बोरिंग में पानी उपलब्ध है, लेकिन गर्मी बढऩे के साथ जलस्तर नीचे चला गया है और वर्तमान रॉड कम पडऩे से पर्याप्त पानी नहीं निकल पा रहा। इस बोरिंग पर लगभग पांच परिवारों का दैनिक निस्तार निर्भर है।

ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या के कारण उन्हें दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जल्द स्थायी समाधान करते हुए बोरिंग में नई रॉड लगाने और पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
 


अन्य पोस्ट