कवर्धा

भाभी की हत्या कर फाड़े कपड़े, रेप दिखाने की कोशिश, ननंद गिरफ्तार
08-May-2026 1:12 PM
भाभी की हत्या कर फाड़े कपड़े, रेप दिखाने की कोशिश, ननंद गिरफ्तार

कबीरधाम पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कवर्धा, 8 मई।
कबीरधाम जिले के थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी ननंद को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मालती मरकाम (33) निवासी सिंगारपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 3 मई को ग्राम सिंगारपुर के झोंकाखार खेत में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला का शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा था और सिर व चेहरे पर चोट के निशान थे।

मर्ग पंचनामा के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत जांच शुरू की। मृतका की पहचान बेलसिया छेदैया (32) निवासी ग्राम सिंगारपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से रपली, हंसिया, टूटी चूडिय़ां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। मामले की जांच में साइबर सेल और एफएसएल टीम की भी मदद ली गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया किमृतिका बेलसिया छेदैया एवं उसकी ननंद मालती मरकाम के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद एवं झगड़े होते रहते थे। आरोपी महिला पिछले लगभग 5 वर्षों से अपने ससुराल को छोडक़र मायके में रह रही थी, जिसके कारण आए दिन दोनों के बीच तानेबाजी एवं विवाद होता रहता था।

पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि लगभग 6 माह पूर्व आरोपी महिला द्वारा मृतिका का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया था, जिसे परिवार के सदस्यों द्वारा बीच-बचाव कर रोका गया था। पूर्व में भी दोनों के बीच गंभीर मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मालती मरकाम से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि 3 मई को उसने खेत में काम कर रही अपनी भाभी पर पीछे से हमला किया और लोहे की रपली से सिर पर लगातार वार कर हत्या कर दी। 

हत्या करने के बाद आरोपी ने स्वयं को बचाने, पुलिस को गुमराह करने एवं क्षेत्र में सनसनी फैलाने के उद्देश्य से मृतका के कपड़े फाडक़र शव को निर्वस्त्र अवस्था में छोड़ दिया, ताकि घटना रेप अथवा सामूहिक अपराध जैसी प्रतीत हो और संदेह किसी पुरुष व्यक्ति की ओर जाए। 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल एवं सोशल मीडिया में इस प्रकार की घटनाओं के बारे में देखा था, जिसके आधार पर उसने हत्या को दूसरा स्वरूप देने की कोशिश की।
 हालांकि पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मृतका के साथ किसी प्रकार के दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने आरोपी मालती मरकाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


अन्य पोस्ट