कवर्धा

दादी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
03-May-2026 5:14 PM
दादी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

भाई को भी मारने दौड़ाया, बचने छत से कूदा, जख्मी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 3 मई।
थाना पिपरिया क्षेत्र के ग्राम कोको में दादी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल को सूचना मिली थी कि ग्राम कोको में एक बुजुर्ग महिला की उसके पोते द्वारा घर के भीतर टंगिया से हमला कर हत्या कर दी गई है तथा अपने भाई को भी चोट पहुंची है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घर के अंदर दरवाजा बंद कर मौजूद था। दरवाजा खुलवाने पर वह हाथ में टंगिया लेकर बाहर आया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर उसे हिरासत में लिया। एफएसएल टीम की उपस्थिति में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतका बुधन बाई (75 वर्ष) के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना में प्रयुक्त टंगिया जब्त कर आरोपी जीतेंद्र पात्रे (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने भाई गैदलाल को भी टंगिया लेकर दौड़ाया, जिससे बचने के प्रयास में वह मकान की छत से कूद गया और उसे चोट आई।


अन्य पोस्ट