कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 3 मई। कबीरधाम जिले के थाना कुकदूर क्षेत्र के ग्राम रोकनी में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को सोनकली बैगा की जिला अस्पताल कवर्धा में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि 21 अप्रैल को मृतिका और उसके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के बीच अवैध संबंध को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, उस व्यक्ति की पत्नी मंदाकिनी बैगा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद विवाद किया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान मंदाकिनी बैगा द्वारा बांस के डंडे से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है, जिससे महिला को चोटें आईं। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी मंदाकिनी बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


