कवर्धा

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों का सम्मान
23-Apr-2026 5:51 PM
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों का सम्मान

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 23 अप्रैल।
कबीरधाम जिले में नक्सल प्रभावित गांवों के बच्चों और युवाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह द्वारा इन शिक्षकों को शॉल भेंटकर अभिनंदन किया गया।

पुलिस विभाग के अनुसार, ये शिक्षक सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों और युवाओं को शिक्षा से जोडऩे का कार्य कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक  धमेन्द्र सिंह ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा का प्रसार ही स्थायी शांति और विकास का सबसे मजबूत आधार है। इन शिक्षकों ने कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों और युवाओं को शिक्षा से जोडऩे का जो कार्य किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। कबीरधाम पुलिस आगे भी ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करती रहेगी, जिससे हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार और बेहतर भविष्य मिल सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल,  अमित पटेल, कवर्धा एसडीओपी आशीष शुक्ला, निरीक्षक नितिन तिवारी, प्रधान आरक्षक घनाराम सिन्हा, चंद्रशेखर शर्मा, मनीष मिश्राा सहित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस विभाग के अनुसार, सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कुछ क्षेत्रों में शिक्षा से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसमें स्कूल संचालन, पढ़ाई से जुड़े सहयोग और ओपन स्कूल परीक्षा से संबंधित सहायता शामिल है। विभाग ने बताया कि इस प्रक्रिया में कुछ युवाओं को परीक्षा देने और आगे बढऩे में सहयोग दिया गया है।


अन्य पोस्ट