कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 9 अप्रैल। कबीरधाम जिले के पोंडी चौकी क्षेत्र के सिल्हाटी के पास गुरुवार दोपहर को एक सडक़ हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार (पिता रूपसिंह), निवासी भुसंडा, जिला डिंडोरी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉ. लोकेश चंद्रवंशी ने बताया कि युवक को गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। प्राथमिक जांच में पेट और अन्य हिस्सों में गहरी चोट के संकेत मिले हैं, जो मौत का कारण हो सकते हैं।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।


