कवर्धा

अफसर बन लाइसेंसी पिस्टल दिखा अवैध वसूली, गिरफ्तार
09-Apr-2026 5:33 PM
अफसर बन लाइसेंसी पिस्टल दिखा अवैध वसूली, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 9 अप्रैल। कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के तहत कबीरधाम पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। लाइसेंसी पिस्टल का भय दिखाकर अवैध वसूली करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल, कारतूस, कार सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धिरहा निवासी पिताम्बर गुप्ता ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अप्रैल की रात करीब 10.30 बजे एक व्यक्ति उसकी किराना दुकान पर पहुंचा। आरोपी ने स्वयं को एफसीआई का अधिकारी बताते हुए चोरी के चावल खरीदने का आरोप लगाया और लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर उसे डराया-धमकाया। साथ ही जेल भेजने की धमकी देकर 60 हजार रुपये की मांग की। भय के कारण प्रार्थी ने आरोपी को 50 हजार रुपये दे दिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी सचिन चड्डा जबलपुर (मध्यप्रदेश) एवं वर्तमान निवासी रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से एक कार (ग्रैंड विटारा), 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, 2 मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस तथा पिस्टल पाउच बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को अधिकारी बताकर धमकाने या अवैध वसूली करने का प्रयास करता है, तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस नियंत्रण कक्ष में सूचना दें। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट