कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 28 मार्च। वन परिक्षेत्र पंडरिया (पूर्व) के सीमावर्ती क्षेत्र में एक बायसन (गौर) को तीर मारकर घायल करने के मामले में वन विभाग ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में एक बायसन के भटकने की सूचना पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तीर से प्रहार कर उसे घायल किए जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्रवाई शुरू की।
विशेषज्ञों की टीम ने बायसन को निश्चेत कर उसके शरीर से एक तीर निकाला और उपचार किया। बाद में जांच के दौरान उसके पैर में दो अन्य तीर पाए गए, जिन्हें शल्य प्रक्रिया के माध्यम से निकाला गया। उपचार के बाद बायसन को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
घटना के संबंध में वन विभाग ने जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान की। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से धनुष और बाण बरामद किए गए। इसके आधार पर पंडरू, चैतुराम, शिवा, पताल सिंह और सुखराम (सभी निवासी सरहापथरा) को गिरफ्तार किया गया।
वन विभाग ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।


