कवर्धा
बोड़ला, 5 मार्च। मध्यप्रदेश के मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में अफवाह के कारण एक दुखद घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को ग्राम बरखेड़ा में एक नाबालिग को बच्चा चोर समझकर कुछ लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम उसे अस्पताल लेकर गई, लेकिन युवक दोपहर में बिना बताए वहां से निकल गया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद युवक को बिछिया कस्बे में अकेले घूमते हुए देखा गया। अगले दिन 27 फरवरी की सुबह बिछिया कस्बे के बाहर एक सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।
पुलिस द्वारा पहचान के प्रयासों के बाद 2 मार्च की रात को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम कुकरापानी से आए परिजनों ने मृतक की पहचान अमरलाल (17 वर्ष) के रूप में की। परिजनों के अनुसार अमरलाल मानसिक रूप से दिव्यांग था और कुछ दिन पहले घर से लापता हो गया था।
बताया जा रहा है कि युवक के साथ मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं जिस अज्ञात वाहन से दुर्घटना हुई, उसे चिन्हित करने की प्रक्रिया भी जारी है।
इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मानसिक रूप से दिव्यांग किशोर को बच्चा चोर की अफवाह के आधार पर प्रताड़ित किया गया, जो बेहद चिंताजनक है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि अमरलाल के साथ हुई मारपीट और उसकी मौत के पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
साथ ही यह भी मांग उठ रही है कि बच्चा चोर जैसी झूठी अफवाहें फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन इस तरह की अफवाहें फैलती हैं, जिसके कारण कई बार बाहर से आए निर्दोष लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है।
लोगों का कहना है कि शासन-प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अफवाहों की वजह से अपनी जान की कीमत न चुकानी पड़े।


