कवर्धा

नेशनल हेराल्ड मामला: कांग्रेस ने कवर्धा में भाजपा कार्यालय घेरा
20-Dec-2025 5:15 PM
नेशनल हेराल्ड मामला: कांग्रेस ने कवर्धा में भाजपा कार्यालय घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 20 दिसंबर।
नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम द्वारा जिला भाजपा कार्यालय कवर्धा का घेराव किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने किया। घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायालय का फैसला भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत साबित करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व के निर्देश पर केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग कर कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया गया। उनके अनुसार कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करते रहेंगे।

पूर्व मंडी अध्यक्ष लालजी चंद्रवंशी ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामलों के माध्यम से भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन न्यायालय के फैसले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बल मिला है।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश चंद्रवंशी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में आया निर्णय भाजपा की राजनीति पर प्रश्न खड़े करता है। उनके अनुसार कांग्रेस पार्टी जनहित, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहेगी।
पूर्व प्रत्याशी नीलकंठ चंद्रवंशी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज एफआईआर को न्यायालय द्वारा रद्द किया जाना कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है।
पूर्व राजीव युवा मितान क्लब के जिला समन्वयक मनीष शर्मा ने कहा कि भाजपा द्वारा इस मामले के माध्यम से अन्य मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास किया गया था।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया और इसकी सूचना प्रशासन को दी गई थी।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पूर्व जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 


अन्य पोस्ट