जशपुर
62 कीर्तन मंडलियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्तिक मास के अवसर पर विकासखंड फरसाबहार के ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी तट के राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान वे अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ भजन-कीर्तन में शामिल हुए और मंजीरा बजाकर भगवान राधा-कृष्ण की आराधना की।
मुख्यमंत्री ने पूरे कार्तिक मास धार्मिक आयोजन में भाग लेने वाली 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, ड्रेस और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर से मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है, जिसका समापन 24 नवंबर को होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव जीवन को परोपकार, सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में लगाना ही सबसे बड़ा धर्म है। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं समाज को जोडऩे का काम करती हैं। नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और संस्कारों से भी जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोककलाओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया।
जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान का उल्लेख करते हुए संत गहिरा गुरु महाराज के सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यों को याद किया।
सरकार पूरा कर रही
मोदी की गारंटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप किए गए वादों को पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये और तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक दिया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक बिजली ट्रांसफार्मर, नामांतरण, प्रमाण पत्र और पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से भी घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, भरत साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत सदस्य वेद प्रकाश भगत, कंवर समाज के पूर्व अध्यक्ष आरएन साय, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्वधा साय, डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।