जशपुर

महिला को शादी का झांसा देकर रेप, आरोपी बंदी
18-Nov-2026 7:30 PM
महिला को शादी का झांसा देकर रेप, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 18 नवंबर। जशपुर जिले के थाना पत्थलगांव क्षेत्र अंतर्गत शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले काफी समय से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 24 अक्टूबर को थाना पत्थलगांव में 30 वर्षीय प्रार्थिया ने लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में अपनी एक सहेली के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी दुर्योधन यादव से हुई थी। प्रार्थिया ने आरोपी को अपनी शादीशुदा जिंदगी एवं बच्चों के संबंध में पहले ही बता दिया था।

आरोपी दुर्योधन यादव ने प्रार्थिया को विश्वास दिलाया कि वह उसे पसंद करता है तथा उसी से शादी करेगा और उसके बच्चों का भी पालन-पोषण करेगा। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए प्रार्थिया उसे 31 मार्च 2023 को अपने किराये के मकान में ले गई। वहां आरोपी ने प्रार्थिया से रिश्ता बनाने की इच्छा जताते हुए उसकी मांग में सिंदूर भरा तथा उसी रात्रि लगभग 11 बजे उसके साथ पहली बार शारीरिक संबंध बनाया।

प्रार्थिया के अनुसार, इसके बाद आरोपी द्वारा 31 मार्च 2023 से 1 अक्टूबर 2026 तक बीच-बीच में शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाया गया। बाद में आरोपी ने प्रार्थिया को पत्नी बनाकर रखने से इंकार कर दिया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में आरोपी दुर्योधन यादव (22 वर्ष)के विरुद्ध धारा 376(2-एन) भादवि एवं धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 आरोपी दुर्योधन घटना दिनांक से फरार था। पुलिस के द्वारा लगातार उसकी पतासाजी की जा रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह क्षेत्र में देखा गया है, जिस पर थाना पत्थलगांव पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, आरोपी के गृह ग्राम में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी दुर्योधन यादव के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे  गिरफ्तार कर 17 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट