जशपुर
138 पर कार्रवाई, 11 निलंबित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब और अधिक तीखी होती जा रही है। जशपुर जिले में भी पटवारी आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं। शासन और पटवारी संघ के बीच वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अब जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। जिले में 138 पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनमें से 11 पटवारियों को वर्तमान में निलंबित कर दिया गया है। वहीं, हड़ताल शुरू होने से पूर्व भी 6 पटवारियों पर निलंबन की गाज गिरी थी।
3-4 मिनट में ही विफल
हो गई थी वार्ता
राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जशपुर जिले के समस्त पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। बीते 11 नवंबर को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की पहल पर पटवारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल और राजस्व सचिव के बीच चर्चा हुई थी। लेकिन संघ के अनुसार, यह वार्ता महज 3 से 4 मिनट तक चली और बिना किसी सकारात्मक नतीजे के समाप्त हो गई। वार्ता विफल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए जिले की विभिन्न तहसीलों—बगीचा, फरसाबहार, दुलदुला, कुनकुरी, मनोरा और जिला मुख्यालय जशपुर के पटवारियों पर शिकंजा कसा है।
राजस्व कामकाज प्रभावित, प्रभार लेने से इनकार का दावा
प्रशासन द्वारा निलंबित और कार्रवाई की जद में आए पटवारियों के हल्कों का प्रभार संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षकों को सौंपने के आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि, पटवारी संघ का दावा है कि अब तक किसी भी राजस्व निरीक्षक ने यह प्रभार ग्रहण नहीं किया है, जिसके चलते आम नागरिकों के जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व संबंधी महत्वपूर्ण कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
कार्रवाई से भी पीछे हटने को तैयार नहीं पटवारी
इधर, पटवारी संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि निलंबन, ब्रेक इन सर्विस और प्रशासनिक दबाव जैसी कार्रवाइयों से उनका आंदोलन कमजोर नहीं पड़ेगा। संघ का दावा है कि जिले के शत-प्रतिशत पटवारी अब भी अपने-अपने तहसील मुख्यालयों में डटे हुए हैं और मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।