जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुर, 11 नवंबर। जशपुर जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की जा रही है। इसके तहत कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में जिले के 49 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां की जा रही हैं।
तुंहर हाथ टोकन ऐप के माध्यम से टोकन जारी होने के पहले दिन (10 नवंबर) किसानों ने 15 नवंबर के लिए धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त किया है। किसानों ने 3 उपार्जन केंद्रों में कुल 51.20 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए टोकन बुक कराया है।
इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले के 53,378 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनका कुल धान रकबा लगभग 91,515.12 हेक्टेयर है। पिछले वर्ष (50,904) की तुलना में इस बार 2,474 नए किसानों ने पंजीयन कराया है।
3 नए उपार्जन केंद्र: किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष कुदमुरा, कोरंगामाल और चम्पा में 3 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिससे अब जिले में कुल 49 केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जाएगी।