जशपुर
जशपुरनगर, 7 नवंबर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), जशपुर द्वारा प्राथमिक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण, अकादमिक नवाचारों के प्रभावी दस्तावेजीकरण और विचारों के आदान-प्रदान के लिए मासिक शैक्षिक पत्रिका ‘जश शिक्षा संवाद’ के प्रथम अंक का विधिवत विमोचन किया गया है। यह पत्रिका ‘लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन’ के तकनीकी और अकादमिक सहयोग से प्रकाशित की गई है।
पत्रिका के पहले अंक का औपचारिक विमोचन डायट जशपुर की उप प्राचार्या संगीता भाई और संस्थान के वरिष्ठ अकादमिक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उप प्राचार्या संगीता भाई ने कहा कि ‘जश शिक्षा संवाद’ जिले के सुदूर अंचलों में कार्यरत शिक्षकों, अकादमिक संदर्भदाताओं और विद्यार्थियों के साझा प्रयासों को सामने लाने का एक अनूठा और चिंतनशील प्रयास है। इसके माध्यम से धरातल पर हो रहे श्रेष्ठ शैक्षणिक नवाचारों और रणनीतियों को संकलित कर उनका व्यापक प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे अन्य शिक्षक भी प्रेरणा ले सकें।
प्रथम अंक के प्रमुख आकर्षण एवं अकादमिक बिंदु
प्रेरक संदेश डायट प्राचार्य का आधारभूत शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार पर केंद्रित विचारपरक आलेख। बच्चों की घरेलू भाषा और कक्षा की माध्यम भाषा के अंतर को समझकर प्रभावी शिक्षण रणनीतियाँ तैयार करने हेतु जिले में किए गए भाषाई सर्वेक्षण का विश्लेषणात्मक विवरण।
स्थानीय भाषाई परिवेश को ध्यान में रखकर बच्चों की नींव मजबूत करने हेतु सादरी भाषा आधारित शिक्षण अधिगम सामग्री के निर्माण की प्रक्रिया। अकादमिक नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए आयोजित जिला स्रोत समूह कार्यशाला और भविष्य की कार्ययोजना। बगीचा एवं कुनकुरी विकासखंड में संचालित नवाचारों, कौशल अभ्यास प्रतियोगिताओं और कक्षा-कक्षीय बदलावों का विशेष संकलन।
डायट प्रबंधन ने विश्वास जताया है कि यह मासिक पत्रिका न केवल जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों का दस्तावेज बनेगी, बल्कि प्राथमिक शिक्षा की व्यावहारिक चुनौतियों पर साक्ष्य-आधारित समाधान प्रस्तुत करने का एक सशक्त माध्यम भी सिद्ध होगी। इस पत्रिका का नियमित प्रकाशन जिले के शैक्षिक परिदृश्य को निरंतर नई दिशा प्रदान करेगा।