जशपुर

घर का ताला तोड़ जेवर चोरी, आरोपी बंदी
06-Nov-2026 7:03 PM
घर का ताला तोड़ जेवर चोरी, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 6 नवंबर। जशपुर जिले के बाग़बहार थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरबहार में घर का ताला तोडक़र सोने के जेवर चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 70,000/- रुपये कीमत का चोरी गया सोने का एक जोड़ी कर्णफूल बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

थाना बाग़बहार से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 नवंबर को प्रार्थी ललित यादव ग्राम डूमरबहार, थाना बागबहार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि तीन नवंबर की रात्रि करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे। रात्रि करीब 10.30 बजे जब प्रार्थी होटल से अपने घर सोने आया तो देखा कि घर के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था तथा दरवाजा खुला था। घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इसकी जानकारी प्रार्थी ने अपने माता-पिता को दी।

तीनों ने घर की जांच की तो अलमारी में रखा सोने का एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिला। प्रार्थी ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते हुए देखने की बात बताई और उस पर चोरी करने का संदेह जाहिर किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बागबहार में धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

बागबहार पुलिस के द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार संदेह के आधार पर ग्राम डूमरबहार में पतासाजी कर शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रार्थी के घर के दरवाजे में लगा ताला तोडक़र अंदर प्रवेश करने तथा अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल को चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी गया सोने का एक जोड़ी कर्णफूल, कीमती लगभग 70,000/- रुपये बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।

प्रकरण में आरोपी शंकर भगत  डूमरबहार के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट