जशपुर

26 बरस में छत्तीसगढ़ ने विकास के क्षेत्र में तय किया लंबा सफर-स्वास्थ्य मंत्री
03-Nov-2026 6:20 PM
26 बरस में छत्तीसगढ़ ने विकास के क्षेत्र में तय किया लंबा सफर-स्वास्थ्य मंत्री

उत्साह और उमंग के साथ मना राज्योत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय के रणजीता स्टेडियम में राज्योत्सव समारोह उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम सशक्त नारी, युवा उड़ान रखी गई है, जो महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों को रेखांकित करती है।

इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष  गंगाराम भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर  रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, भरत सिंह, कृष्ण कुमार राय, उपेंद्र यादव, ओम प्रकाश सिन्हा, सुनील गुप्ता अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने गठन के 26 वर्षों में विकास के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है। प्रदेश ने आज कृषि, आवास, स्वास्थ्य, सडक़ और रेल कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिला भी विकास की नई संभावनाओं की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य का बजट 5,500 करोड़ रुपये से बढक़र पौने दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और कुमार दिलीप सिंह जूदेव के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जशपुर में मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो चुका है तथा जल्द ही नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज भी शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय का निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत आगामी 15 नवंबर से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।  धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना और भारतमाला सडक़ परियोजना (पत्थलगांव से धनबाद) से क्षेत्र में परिवहन और संपर्क सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। विधायक रायमुनी भगत और जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने भी जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।


अन्य पोस्ट