जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को जशपुर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए एकता दौड़ का आयोजन किया गया। जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस दौड़ में पुलिस अधिकारियों, जवानों और छात्र-छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कलेक्टर रोहित व्यास ने रणजीता स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। यह दौड़ रणजीता स्टेडियम से प्रारंभ होकर महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र जशपुर के परेड ग्राउंड में संपन्न हुई। इस दौरान जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ नव संकल्प एवं क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में अनुशासन, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। हमें जाति, धर्म और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
इस अवसर पर डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मोरध्वज देशमुख, प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।