जशपुर

2 ट्रकों से 160 क्विंटल धान जब्त, 4 आरोपी बंदी
31-Oct-2026 7:11 PM
2 ट्रकों से 160 क्विंटल धान जब्त, 4 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में धान कटाई और समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से पहले जशपुर पुलिस ने अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की आशंका के चलते पुलिस ने घोलेंग के पास दो ट्रकों में लोड 160 क्विंटल धान जब्त किया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 29 अक्टूबर की रात्रि करीब 9 बजे घोलेंग के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध ट्रकों (क्रमांक सीजी-14-एमडब्ल्यू-3959 एवं सीजी-14-एमडब्ल्यू-6091) को रोका गया। दोनों ट्रकों की तलाशी लेने पर उनमें भारी मात्रा में धान लोड पाया गया। जब पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों से वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

तीन लाख से अधिक का धान जब्त

पुलिस ने दोनों ट्रकों से कुल 400 बोरी धान (वजन लगभग 160 क्विंटल, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 79 हजार 200 रुपये है) को जब्त कर लिया है। जप्त किए गए धान और वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

गुमला से बतौली ले जाया जा रहा था धान

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि उक्त धान को झारखंड के गुमला से लोड कर बतौली ले जाया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध धान को छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने पर मंडियों में खपाने की साजिश थी।

कार्रवाई में बाधा डालने और अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत चार आरोपियों   संजय कुजूर जशपुर,  कृष्णा साहू , अभिमन्यु सिंह,  सुमित सिंह तीनों निवासी झारखंड के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन और अंतरराज्यीय तस्करों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी और खरीदी सीजन के दौरान अवैध गतिविधियों में  किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


अन्य पोस्ट