जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 27 अक्टूबर। पत्थलगांव थाना पुलिस ने क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने वाले 6 आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए ये आरोपी क्षेत्र में बार-बार लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे। इसके अलावा इनके विरुद्ध अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, और पूर्व में भी इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। दीपावली पर्व के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने इनके खिलाफ सख्त कदम उठाया है।
पत्थलगांव पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए सभी 6 आरोपियों को अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) पत्थलगांव के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में फकीर यादव , शिव कुमार पोर्ते, सिराज हुसैन, जगदीश वैष्णव, संतोष नामदेव उर्फ बांगड़ा, सालिक तिर्की हैं।