जशपुर

योजनाओं से वंचित किसानों और ग्रामीणों को लाभ दिलाने की मांग
12-Oct-2026 7:37 PM
योजनाओं से वंचित किसानों और ग्रामीणों को लाभ दिलाने की मांग

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 12 अक्टूबर। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवप्रकाश तिवारी ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।

ज्ञापन में किसान सम्मान निधि और महतारी वंदन योजना से वंचित पात्र हितग्राहियों को जोडऩे, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई। इसके अलावा पेयजल, बिजली, सीसी रोड, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, खेल मैदान और मंदिर निर्माण से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं।

पोरतेंगा, जोकारी, मावटोली, किनकेल, बघिमा, डौस डुमरटोली, गम्हरिया और दहगड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया। ग्रामीणों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने, पेंशन सत्यापन और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र किसान या ग्रामीण अपने अधिकार से वंचित न रहे। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला प्रशासन ने ज्ञापनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा है।


अन्य पोस्ट