जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुर नगर, 12 अक्टूबर। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के मैनी चौक के पास रविवार देर शाम सरडीह से अपने घर सामरबार लौट रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों (माता, पिता और पुत्र) को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन समेत चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर स्थित मैनी चौक के पास हुआ। मृतक परिवार बाइक पर सवार होकर सरडीह से अपने गृह ग्राम सामरबार वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माता-पिता और पुत्र तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हादसे में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बगीचा पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से गहन जांच-पड़ताल कर रही है।