जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 11 अक्टूबर। कुनकुरी नगर में रविवार तडक़े एक नर दंतैल हाथी के अचानक प्रवेश करने से लोगों में दहशत फैल गई। लोटापानी जंगल से नवाटोली होते हुए नगर में पहुंचे हाथी ने होलीक्रॉस अस्पताल परिसर में उत्पात मचाया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर लोयोला कॉलेज परिसर में जा घुसा। इस दौरान हाथी ने कुनकुरी गिरजाघर, पुराने डाकघर, लोयोला कॉलेज और आसपास के कई मकानों की चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया। उत्पात मचाने के बाद हाथी बरोबहार जंगल की ओर निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे नगर में दंतैल हाथी के पहुंचने की जानकारी सामने आई। हाथी लोटापानी जंगल से नवाटोली के रास्ते आबादी वाले क्षेत्र में दाखिल हुआ था। सबसे पहले उसने होलीक्रॉस अस्पताल परिसर में दस्तक दी। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते हुए लोयोला कॉलेज के अहाते में पहुंच गया। हाथी ने रास्ते में कई स्थानों पर दीवारों को नुकसान पहुंचाया। अचानक हाथी के नगर में पहुंचने से लोगों में भय का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बार-बार जंगल से निकलकर बस्ती में पहुंच रहा हाथी
बताया जा रहा है कि दंतैल हाथी बार-बार जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहा है। इससे नगर और आसपास के इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। हाथी की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार उसके विचरण पर नजर रख रही है, ताकि लोगों को सतर्क किया जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वन विभाग की अपील— हाथी को न छेड़ें, दूरी बनाए रखें
वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेन्द्र होता ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि हाथी के पास जाने, उसे भगाने के लिए पत्थर मारने, शोर मचाने या किसी अन्य तरीके से परेशान करने का प्रयास न करें।
ऐसा करने पर हाथी आक्रामक हो सकता है।
उन्होंने लोगों से हाथी के करीब जाकर फोटो खींचने और वीडियो बनाने से बचने की भी अपील की। विशेष रूप से बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने और हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। हाथी की मौजूदगी की जानकारी तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।