जशपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 8 अक्टूबर। थाना पत्थलगांव पुलिस ने युवती को शादी का झांसा देकर रेप करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय पीडि़ता ने 5 अक्टूबर को थाना पत्थलगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि 3 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे आरोपी रितेश यादव (19 वर्ष) उसे कार में बैठाकर लुड़ेग झंडा घाट जंगल की ओर ले गया। वहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया। घटना के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए शादी से इंकार कर दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 224/2026, धारा 69, 296, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान महिला पुलिस अधिकारी ने पीडि़ता का बयान दर्ज कराया और महिला चिकित्सा अधिकारी से उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रितेश यादव को 7 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध सिद्ध होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।