जशपुर

निजी फोटो-वीडियो फैलाया, धमकी, आरोपी दिल्ली से बंदी
03-Oct-2026 7:58 PM
निजी फोटो-वीडियो फैलाया, धमकी, आरोपी दिल्ली से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 3 अक्टूबर। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती की निजी/अश्लील फोटो व वीडियो प्राप्त करने के बाद उन्हें व्हाट्सएप पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय पीडि़ता ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि अप्रैल 2024 में 4 फन एप्लीकेशन के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा (24 ) से हुई थी।

दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। इस दौरान आरोपी ने पीडि़ता पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के जरिए उसकी निजी व अश्लील फोटो-वीडियो हासिल कर ली और स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। बाद में आरोपी ने इन तस्वीरों और वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया तथा बात न करने पर पीडि़ता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पीडि़ता की रिपोर्ट पर थाना जशपुर में धारा 79, 351 एवं आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए) के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस जब आरोपी के गृह ग्राम (उत्तर प्रदेश) पहुंची, तो वह फरार मिला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तकनीकी टीम व मुखबिरों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई, जो दिल्ली में पाई गई। इसके बाद जशपुर पुलिस की एक विशेष टीम दिल्ली भेजी गई, जिसने आरोपी को उसके ठिकाने से हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो सिम कार्ड वाला मोबाइल फोन जब्त किया है। गवाहों के समक्ष मोबाइल की गैलरी व व्हाट्सएप की जांच कर पंचनामा तैयार किया गया है। आरोपी शोवित कुशवाहा द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट