जशपुर
1.80 लाख नगद समेत झारखंड व पश्चिम बंगाल से 5 बंदी, 4 फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 3 अक्टूबर। जशपुर जिले के कुनकुरी के तपकरा रोड स्थित एक मोबाइल दुकान से 132 मोबाइल हैंडसेट चोरी होने के मामले में जशपुर पुलिस ने झारखंड और पश्चिम बंगाल से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में चोरी के मोबाइलों को बांग्लादेश में बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,80,000 रुपये नगद और मोबाइल जब्त किए हैं, जबकि मामले में 4 अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11-12 अगस्त की दरमियानी रात तपकरा रोड स्थित पंकज कुमार पारिक की मोबाइल दुकान के शटर का ताला काटकर 132 मोबाइल हैंडसेट चोरी किए गए थे। सुबह शटर खुला मिलने पर घटना की जानकारी हुई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टावर डंप लोकेशन की जांच की। जांच में सामने आया कि वारदात की रात दो संदिग्ध पास के अन्नपूर्णा होटल गए थे, जहां दर्ज कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस की टीम झारखंड के साहिबगंज और पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंची।
पुलिस पूछताछ के दौरान तौसिफ राजा ने कबीर शेख के साथ मिलकर ताला काटने तथा चोरी के मोबाइल सेंटू शेख के माध्यम से सत्यजीत मंडल, अब्दुल बारी और इकबाल हुसैन को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, मोबाइल बिक्री से प्राप्त 17 लाख रुपये आपस में बांटे गए थे। पूछताछ में यह भी बात सामने आई कि ये मोबाइल बांग्लादेश में बेचे गए हैं, जिनकी बरामदगी की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में तौसिफ राजा, सेंटू शेख दोनों निवासी झारखंड, इकबाल हुसैन उर्फ राणा, अब्दुल बारी उर्फ रूबेल, अब्दुल अजीज तीनों निवासी पश्चिम बंगाल हैं।
पुलिस ने सेंटू शेख के पास से 1,80,000 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किए हैं। मामले के 4 अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।