जशपुर

अंग्रेजी शराब व बाइक जब्त, आरोपी बंदी
29-Sep-2026 3:07 PM
अंग्रेजी शराब व बाइक जब्त, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 29 सितंबर। चौकी कोतबा पुलिस ने बिक्री करने 15 लीटर से अधिक अवैध अंग्रेजी शराब ले जा रहे युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 सितंबर को चौकी कोतबा पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अपने बैग में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरकर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-14-एमवी-1725 से कोतबा से ग्राम गोलियागढ़ की ओर बिक्री हेतु जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कोतबा स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम केतन बंजारा जिला जशपुर बताया। पुलिस द्वारा आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर उसमें से विभिन्न ब्रांड की सीलबंद अंग्रेजी शराब (अनुमानित मूल्य 11,625 रु.) बरामद की गई। शराब परिवहन व बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब और घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया।

मामले में आरोपी केतन बंजारा द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट