जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 26 सितंबर। दुलदुला वन परिक्षेत्र के ढोढीआरा गांव के पास जंगल में हुई दंतैल हाथी की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से नहीं, बल्कि शिकारियों द्वारा बिछाए गए अवैध बिजली के तारों के करंट की चपेट में आने से हुई थी। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 18 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में कुल 11 लोगों के संगठित गिरोह के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस व वन अमला लगातार छापेमारी कर रहा है।
1 किमी लंबा बिछाया था तार, साक्ष्य छिपाने की कोशिश
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह ढोढीआरा के जंगल में हाथी का शव मिलने के बाद गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान और पुलिस विभाग की डॉग स्क्वायड की मदद से इलाके की गहन तलाशी ली गई। जांच में जंगल और खेतों की सीमा पर लगभग डेढ़ किलोमीटर तक करंट का तार बिछाए जाने के स्पष्ट निशान मिले। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपियों ने जंगली सुअर व अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए खेतों के पास अवैध रूप से बिजली का तार बिछाया था, जिसकी चपेट में विशालकाय दंतैल हाथी आ गया। हाथी की मौत के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से तार को मौके से हटाकर जंगल में करीब 1 किलोमीटर दूर नाले के पास छिपा दिया था।
घरों की तलाशी में मिले शिकार के फंदे व मोर पंख
संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर वन विभाग की टीम ने 3 मकानों में दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान करंट लगाने में इस्तेमाल किए गए बिजली के तार, अन्य सामग्री, वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदे और मोर पंख बरामद कर सील किए गए हैं। पोहनाहारी गांव निवासी सलिंदर और रूपेश समेत अन्य आरोपियों से मिली जानकारी के बाद नाले के पास छिपाया गया तार भी बरामद कर लिया गया है। विभाग ने पूरी जब्ती और मार्ग की वीडियोग्राफी कराकर मजबूत दस्तावेजी साक्ष्य तैयार किए हैं।
सरगुजा से पहुंची डॉक्टरों की टीम, नियमों के तहत अंतिम संस्कार
हाथी के शव का पोस्टमार्टम सरगुजा से आए वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. अजीत पांडेय और स्थानीय डॉक्टरों के दल द्वारा किया गया। फोरेंसिक जांच के लिए जरूरी सैंपल सुरक्षित करने के बाद मृत हाथी को छत्तीसगढ़ शासन और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के निर्धारित नियमों के तहत सम्मानपूर्वक दफना दिया गया है।
डीएफओ वनमंडलाधिकारी, वनमंडल जशपुर का कहना है कि मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरोह के बाकी 5 सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बिजली विभाग से भी आवश्यक दस्तावेज और तकनीकी रिपोर्ट मांगी गई है। आम नागरिक जंगल में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध बिजली तार की सूचना तुरंत विभाग को दें।