जशपुर
सिर पर गंभीर चोट, हत्या की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 26 सितंबर। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के खंताडांड़-जुरगुम जंगल में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को जब कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए, तो उनकी नजर क्षत-विक्षत स्थिति में पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तत्काल बगीचा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बल-साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सिर पर मिले गहरे जख्मों को देखते हुए पुलिस मर्डर समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सूत्रों से मिली अपुष्ट जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बगीचा थाना क्षेत्र के बिमड़ा गांव निवासी राजेश दास के रूप में की जा रही है।
हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अब तक पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर मृतक की पहचान स्थापित करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।