जशपुर
जशपुर व लोदाम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुर नगर, 24 सितंबर। जशपुर जिले में पशु क्रूरता एवं तस्करी के मामलों में कार्रवाई करते हुए जशपुर और लोदाम पुलिस ने 17 मवेशी बरामद किए हैं। मामलों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि एक अन्य मामले में पिकअप जब्त कर जांच शुरू की गई है।
23 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने ग्राम छोटा बनई के जंगल मार्ग में घेराबंदी कर 8 गोवंश बरामद किए। मौके से आरोपी अजय नगेशिया ग्राम कुंडिग महुआ टोली, लोदाम को हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा गोवंश परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एक अन्य मामले में 23 सितंबर की रात्रि लगभग 12.30 बजे लोदाम पुलिस को पिकअप वाहन (जेएच-05-डीडी-7297) के माध्यम से गोवंश ले जाए जाने की सूचना मिली। भलमंडा के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन चालक ने पुलिस को देखकर वाहन जामटोली मार्ग की ओर भगाया और जंगल के समीप वाहन छोडक़र फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 9 गोवंश भरे मिले, जिनमें से 2 की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पशु चिकित्सक से शेष गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश जारी है।
दोनों मामलों में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।