जशपुर

देर रात नाकाबंदी, 8 मवेशी छुड़ाए, 2 तस्कर बंदी
22-Sep-2026 8:46 PM
देर रात नाकाबंदी, 8 मवेशी छुड़ाए, 2 तस्कर बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 22 सितंबर। जशपुर पुलिस ने गौ-तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो पिकअप में क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड ले जाए जा रहे 8  गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर की देर रात थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुनकुरी की ओर से दो पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर जशपुर के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान (डीआईजी व एसएसपी) डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गौ-सेवकों के साथ मिलकर चांपा टोली के पास हाईवे पर नाकाबंदी की।

चेकिंग के दौरान दो आरोपी धराए, एक फरार

रात करीब 12 से 1 बजे के बीच पुलिस ने कुनकुरी की ओर से आ रही पिकअप (जेएच 07 एम 9843) को रोककर तलाशी ली। वाहन में 4 गौ-वंश लोड थे, जिनके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आरोपी पेश नहीं कर सके। वाहन में सवार दो युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

इसी दौरान पीछे आ रही दूसरी पिकअप (सीजी 13बीबी 8096) का चालक पुलिस को देखकर वाहन छोडक़र अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस गाड़ी की जांच करने पर भी 4 गौ-वंश बरामद हुए। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 8 मवेशियों को सकुशल छुड़ाया और दोनों गाडिय़ों को जब्त कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों आर्यन,  राकेश राम दोनों निवासी  जशपुर के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पकड़े गए तस्करों की निशानदेही पर गिरोह के अन्य फरार सदस्यों को भी चिन्हित कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट