जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 11 सितंबर। जशपुर तहसील में पदस्थ पटवारी पर मनोरा विकासखंड के आस्ता क्षेत्र में अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने तथा अवैध वसूली करने के आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता समीउल्लाह अंसारी ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, जशपुर तहसील में पदस्थ पटवारी द्वारा मनोरा तहसील के आस्ता क्षेत्र के ग्रामीणों के दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
आरोप है कि प्रमाण पत्रों के निर्माण में संबंधित हलका पटवारी के आधिकारिक प्रतिवेदन (रिपोर्ट) और स्थानीय ग्राम पंचायत सरपंच के सत्यापन (सील व हस्ताक्षर) की प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बिना पंचायती सत्यापन के 500 से 1,000 की राशि लेकर दस्तावेज बनाए जा रहे हैं।
जशपुर तहसीलदार महेश्वर सिंह उइके ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है तथा इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को अवगत कराया जा रहा है।
मामले में एसडीएम विश्वास राव मस्के से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उनसे संपर्क नहीं हो सका।
शिकायतकर्ता ने जशपुर कलेक्टर एवं मनोरा एसडीएम से संदिग्ध प्रमाण पत्रों की जांच करने तथा संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।