जशपुर
बेटी को परेशान करने से मना करने पर वारदात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 5 सितंबर। जशपुर जिले के थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत ग्राम हर्री में हुई महिला की हत्या की गुत्थी को जशपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। मृतिका की बेटी को परेशान करने से मना करने पर एक सिरफिरे आशिक ने कुल्हाड़ी (टांगिया) से वार कर 55 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को पड़ोसी राज्य झारखंड के रायडीह से धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मवेशी चराकर घर लौटा पति,
तो मिला खून से लथपथ शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 4 सितंबर को थाना आस्ता में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 सितंबर की दोपहर वह मवेशी चराने जंगल गया था और उसकी पत्नी धनमनी बाई (55 वर्ष) घर पर अकेली थी। शाम करीब 6 बजे जब वह घर लौटा, तो पत्नी जमीन पर खून से लथपथ मृत पड़ी थी और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पास ही टांगिया पड़ा हुआ था। अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी टीम और फॉरेंसिक जांच से खुला राज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। फॉरेंसिक टीम और गवाहों से पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम कोमडो निवासी अवधेश राम का कुछ दिन पूर्व मृतिका से विवाद हुआ था। संदेह के आधार पर जब पुलिस उसके गांव पहुंची, तो वह फरार मिला। तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन झारखंड के रायडीह में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष) को हिरासत में लिया।
एकतरफा प्यार और मना करने पर दिया वारदात को अंजाम
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी अवधेश राम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन बेटी उससे बात नहीं करती थी। घटना के दिन वह इसी बात को लेकर मृतिका के घर गया था। मृतिका धनमनी बाई ने जब उसे अपनी बेटी को परेशान न करने की चेतावनी दी, तो वह आवेश में आ गया और घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर घातक वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त टांगिया जब्त कर लिया है। आरोपी अवधेश राम को गिरफ्तार कर 5 सितंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।