जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 18 अगस्त। देश में ख्याति प्राप्त विश्वस्तरीय संस्था कल्याण आश्रम के जशपुर स्थित मुख्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी अभय कुमार सोनी को बुलाया गया। अभय कुमार सोनी को संस्था के द्वारा पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया गया। संस्था के गणमान्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में समाजसेवी अभय कुमार सोनी ने तिरंगा फहराया और सलामी देकर स्कूल के बच्चों के साथ राष्ट्रीय गान गाए। उन्होंने कल्याण आश्रम स्कूल के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए देशभक्ति के सही मायनों को बताया।
अभय सोनी ने कल्याण आश्रम संस्था के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, देशभक्ति तिरंगा फहराना और राष्ट्र गान तक ही सीमित नहीं है। ईमानदारी से अपना काम करना, कानून का सम्मान करना, पर्यावरण की रक्षा करना, किसी जरूरतमंद की मदद करना सच्ची देशभक्ति है। सबसे पहले एक सच्चा और अच्छा नागरिक बनें, माता-पिता, गुरुजनों, अपने आसपास के लोगों का सम्मान करें।
अभय सोनी ने कहा, स्वतंत्रता सिर्फ अधिकारों का नाम नहीं है। यह अपनी जिम्मेदारी का नाम भी है। हमारे सामने देश को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है। शिक्षित और विकसित आत्मनिर्भर भारत बनाना है। हर नागरिक को आगे बढऩे का बराबर अवसर मिले।
इसमें युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
अभय ने कहा, विद्यार्थी देश के निर्माता हैं, आप के कंधों पर ही देश का भविष्य का है। कल आप में से कोई इंजीनियर, कोई डॉक्टर, कोई ऑफिसर, कोई समाजसेवी कोई बिजनेसमैन बनेगा। समाज में भाईचारा बनाकर मजबूत देश का आप निर्माण करें। अंत में उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा, आजाद भारत के लिए अपनी जान की कुर्बानी देने वाले वीर सपूतों को हमेशा याद करें।