जशपुर
जशपुरनगर, 12 अगस्त। गायत्री प्रज्ञा पीठ, कुनकुरी में नवनिर्मित शिव मंदिर में प्रज्ञेश्वर महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में गायत्री परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘ओम नम: शिवाय’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।प्राण-प्रतिष्ठा में आचार्य शिवप्रताप शुक्ला एवं रामेश्वर विश्वकर्मा ने पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान श्याम सुंदर दुबे सपत्नीक रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर क्षेत्र, समाज एवं परिवार के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
जन्म शताब्दी वर्ष को समर्पित आध्यात्मिक स्थापना
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि वंदनीय माता भगवती देवी जी की जन्म शताब्दी वर्ष को यादगार एवं सफल बनाने के उद्देश्य से गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गायत्री प्रज्ञा पीठ में ‘सजल श्रद्धा एवं प्रखर प्रज्ञा’ की स्थापना की गई है। इसी आध्यात्मिक भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रज्ञेश्वर महादेव की स्थापना को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में संजय नायक, लव गुप्ता, शशि साय, विनायक साय पैंकरा, पंकज गुप्ता, भरत सिंह सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।