जशपुर

48 घंटे में 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का खुलासा
24-Jul-2026 9:22 PM
48 घंटे में 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का खुलासा

 3 नाबालिग समेत 4 आरोपी पकड़ाए, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 24 जुलाई। जशपुर जिले के बगीचा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर लाखों रुपये की मोबाइल चोरी का सनसनीखेज का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बालिग तथा तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 47 मोबाइल फोन, 600 नगद तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा एमटी मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई की रात्रि 9 से 22 जुलाई की प्रात: 7 बजे के मध्य थाना बगीचा क्षेत्र के बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोडक़र अज्ञात चोरों द्वारा दुकान में रखे नए एवं पुराने कुल 93  मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 75 हजार, चोरी कर लिए गए।

प्रार्थी जैद अली बगीचा की लिखित शिकायत पर थाना बगीचा में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।

तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें अभिषेक प्रजापति डूमरटोली बगीचा तथा 3 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

मामले में एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जो वर्तमान में फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 47 मोबाइल फोन, चोरी की 600 नगद राशि तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा एमटी मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 60 हजार) बरामद कर जब्त की गई है।

विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में फरार आरोपी की गिरफ्तारी एवं शेष चोरी गए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत एक दुकान से मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस के द्वारा अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से कार्यवाही करते हुए, चंद घंटों में चार आरोपियों , जिसमें से तीन विधि से संघर्षरत बालक हैं, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड व बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, एक फरार आरोपी की पतासाजी जारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।


अन्य पोस्ट