जशपुर

अवैध शराब संग एक आरोपी गिरफ्तार
30-Jun-2026 8:53 PM
अवैध शराब संग एक आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 30 जून। पत्थलगांव पुलिस ने मोटरसाइकिल से अवैध शराब ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 27 लीटर 300 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 जून की रात करीब 10 बजे पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14-एमयू-1427 पर शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पालीडीह मार्ग पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार को रोका। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा ग्राम लुड़ेग, पत्थलगांव बताया।

पुलिस द्वारा वाहन पर रखी बोरी और झोले की तलाशी लेने पर 27 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद हुई। शराब परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष सामग्री को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी द्वारा बात स्वीकार किए जाने और साक्ष्य मिलने के बाद पत्थलगांव थाने में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी विश्वनाथ शर्मा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की यह जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट