जशपुर

घर घुसकर छेड़छाड़ व अश्लील हरकत, आरोपी ढाबा संचालक बंदी
29-Jun-2026 4:00 PM
 घर घुसकर छेड़छाड़ व अश्लील हरकत, आरोपी ढाबा संचालक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 29 जून।  घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत  ढाबा संचालक ने महिला के साथ, उसके घर में घुसकर गलत नियत से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने लगा। पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा।

पुलिस के अनुसार 26 जून को थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत एक गांव की पीडि़त प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जून की सुबह करीब 8 से 9 बजे के मध्य, पीडि़ता घर में अकेली थी, उसी दौरान लोदाम क्षेत्रांतर्गत ही एक ढाबे का संचालक आरोपी मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार पीडि़ता को घर में अकेली जानकर, घर में घुस आया, व गलत नीयत से प्रार्थिया के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत करने लगा। पीडि़ता के विरोध करने पर आरोपी के द्वारा, पीडि़ता को इसके समुदाय विशेष का नाम लेते हुए  उसके पति को छोडक़र अपने साथ पत्नी बनाकर रखने की बात करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया जा रहा था। पीडि़ता भयभीत होकर चिल्लाते हुए घर से बाहर निकली, इसी दौरान आरोपी घर से निकलकर भाग गया। पीडि़ता के द्वारा घटना के संबंध में अपने पति को जानकारी दी गई।

  पीडि़ता की रिपोर्ट पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल थाना लोदाम में आरोपी मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने आरोपी मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ पर आरोपी मंजीत सिंह के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

 मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि लोदाम क्षेत्रांतर्गत एक महिला से गलत नीयत से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


अन्य पोस्ट